अलवर. गांधी परिवार के नजदीकी और रामगढ़ से विधायक जुबेर खान (Juber Khan) का 61 वर्ष की उम्र में शनिवार सुबह इंतकाल हो गया। उन्होंने सुबह 5.50 बजे अंतिम सांस ली। वे एक साल से लीवर ट्रांसप्लांट के बाद से बीमार चल रहे थे। वे इन दिनों अलवर के ढाई पेडी स्थित अपने फार्म हाउस पर रह रहे थे। जुबेर खान के जनाजे को असर की नमाज के बाद शाम 6 बजे रामगढ़ में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। प्रदेश् में अब तक दो विधायकों की मौत हो चुकी है। इनसे पहले सलूंबर के भाजपा विधायक अमृतलाल मीणा की हृदय गति रुकने से मौत हुई थी।
खान का जनाजा दोपहर 3 बजे रामगढ़ गुरुद्वारा मोड़ से शुरू हुआ, जो मुख्य बाजार से होते हुए इंडियन गैस गोदाम के पास पहुंचा। यहां सुपुर्द -ए-खाक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सांसद भजनलाल जाटव, भरतपुर सांसद संजना जाटव, वैभव गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, मंत्री संजय शर्मा, पूर्व केबिनेट मंत्री शकुंतला रावत आदि मौजूद रहे।
जुबेर खान डेढ़ साल से बीमार थे। एक साल पहले लिवर ट्रांसप्लांट कराया था। लोकसभा के चुनाव में अधिक भाग-दौड़ से तकलीफ बढ़ गई थी। उसके बाद तबीयत बिगड़ती गई। आईसीयू में भर्ती रखा गया। करीब 15 दिन पहले गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल ने जवाब दे दिया था। उसके बाद बीच-बीच में जयपुर ले जाकर इलाज कराया गया। बाद में अलवर में घर में ही आईसीयू तैयार कराया था।
जुबेर खान जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी दिल्ली के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे थे। उनकी दिल्ली में रोड पर एनएसयूआई के पंपलेट लगाते समय राजीव गांधी से मुलाकात हुई थी। गांधी ने उनको एनएसयूआई का राष्ट्रीय सचिव बनाया था। तभी वे गांधी परिवार के नजदीक आ गए थे।इसी कारण उनको 1993 में टिकट दिया गया था। वे राजीव गांधी के साथ चार्टर में चुनाव प्रचार के दौरान खूब घूमे थे। राजीव गांधी के बाद उन्होंने यूपी में प्रियंका गांधी के साथ खूब काम किया है। प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश का प्रभारी महासचिव रहने के दौरान जुबेर खान उनके साथ सह प्रभारी सचिव रहे थे।
जामिया मिलिया विश्वविद्यालय दिल्ली से पीजी किया
जुबेर खान ने माचड़ी गांव के पास बगड़ राजपूत स्कूल से मिडिल करने के बाद नवीन सीनियर सेकंडरी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद दिल्ली चले गए। जामिया मिलिया विश्वविद्यालय दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उनके दो बेटा आदिल और आर्यन हैं, जो एमबीए हैं। पत्नी साफिया खान पिछली बार रामगढ़ से विधायक रह चुकी हैं।