Alwar.। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी 7 योजनाओं के नाम बदलने पर आपत्ति (Objection) जताते हुए भाजपा सरकार की कड़ी निंदा की है। जूली ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम से कांग्रेस शासन के समय से संचालित इन जनकल्याणकारी योजनाओं से इंदिरा महिला शब्द हटाना भाजपा की संकीर्ण मानसिकता का घोतक है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी महिला शक्ति निधि योजना की घोषणा की थी। जिसे अब मौजूदा सरकार ने बदल दिया है। भजनलाल सरकार ने इंदिरा महिला शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना, इंदिरा महिला शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना सहित इंदिरा महिला शक्ति सम्मान एवं प्रोत्साहन योजना, इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र योजना के भी नाम बदले हैं।
इसी तरह इंदिरा महिला शक्ति उड़ान योजना, इंदिरा महिला शक्ति जागरूकता शिक्षा कार्यक्रम के अलावा इंदिरा महिला एवं बाल विकास शोध संस्थान योजना का भी नाम बदल दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि ये सभी योजनाएं महिला सशक्तिकरण की प्रतीक हैं। इनके नाम में से महिला शब्द विलोपित करना भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
वहीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पूरे विश्व में युगांतरकारी नेता के रूप में जानी जाती हैं। वे भारत की इकलौती महिला प्रधानमंत्री रही हैं और उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किये हैं। ऐसी महान् नेता का नाम विलोपित करके भाजपा सरकार ने अपनी पार्टी की नकारात्मक राजनीति को प्रदर्शित किया है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा है कि भाजपा सरकार इन योजनाओं के नाम बदलने पर सस्ती राजनीति कर रही है। जिन इतिहास प्रसिद्ध महिलाओं के नाम इन योजनाओं में भाजपा सरकार ने अब जोड़े हैं। कांग्रेस पार्टी उन सभी का सम्मान करती है।
लेकिन उनके नाम पर नयी योजनाओं की घोषणा भाजपा सरकार कर सकती थी। प्रदेश में नये विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोल कर इनका नाम इन इतिहास प्रसिद्ध महान् महिलाओं के नाम पर रख सकती थी। नयी जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकती थी। लेकिन भाजपा को महिलाओं से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं में इंदिरा गांधी जैसी महान् नेता का नाम चुभ रहा था। भाजपा सरकार ने ये नाम बदल कर दर्शाया है कि नकारात्मक राजनीति भाजपा की मूल पहचान है।